नीमच। वार्ड क्रमांक 19 में नगर पालिका द्वारा कराई जा रही नाला निर्माण की खुदाई के कारण क्षेत्र का प्रमुख मूलचंद मार्ग पिछले एक सप्ताह से अवरुद्ध पड़ा हुआ है। मार्ग बंद होने से स्थानीय रहवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मोहर्रम पर्व के दौरान यह स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस क्षेत्र में नाला निर्माण का कार्य चल रहा है, वह मुस्लिम समाज बाहुल्य क्षेत्र है। मोहर्रम के पवित्र माह में यहां विभिन्न धार्मिक आयोजन एवं जुलूस आयोजित होते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे समय में मुख्य मार्ग बंद होने से श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि नाला निर्माण या मरम्मत का कार्य आवश्यक था, तो इसे त्योहार शुरू होने से पूर्व योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए था। मोहर्रम के दौरान मुख्य मार्ग को खोदकर छोड़ देना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
पूर्व पार्षद हारून रशीद कुरैशी सहित स्थानीय रहवासियों ने जिला प्रशासन एवं नगर पालिका से मांग की है कि जनसुविधा और मोहर्रम के धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और पर्व के आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।