नीमच। नीमच जिले ने रक्तदान को लेकर आज विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। कलेक्टर दिनेश जैन के आव्हान पर मात्र 10 घंटे में जिले में रक्तदाताओं द्वारा 7 हजार 642 यूनिट रक्तदान किया गया। इससे पूर्व यह रिकॉर्ड शाजापुर के नाम था। जहां पूर्व में भी कलेक्टर दिनेश जैन के कार्यकाल में 2887 यूनिट रक्तदान हुआ था।
कलेक्टर दिनेश जैन ने बताया कि नीमच जिले की 25 वीं वर्षगांठ और मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत डेढ़ माह पूर्व से ही 12 अगस्त 2023 की तिथि तय करते हुए एक दिन में 5 हजार यूनिट का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके साथ ही एनजीओ, सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से चर्चा कर अभियान को सफल बनाने की व्यापक तैयारियां भी शुरू कर दी थी। कलेक्टर जैन ने कहा कि इसका नतीजा यह हुआ कि लक्ष्य से डेढ़ सौ प्रतिशत अधिक उपलब्धि प्राप्त की गई और नीमच का नाम वर्ल्ड बुक में रक्तदान को लेकर शामिल हो गया।
कलेक्टर दिनेश जैन ने कहा कि रक्तदान को लेकर आज शनिवार सुबह से ही नीमच जिले में उत्सव का माहौल रहा। रक्तदान के लिए 34 स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया गया और इन शिविरों के नाम देश के अमर शहीद परमवीर चक्र और अशोक चक्र विजेताओं के नाम पर समर्पित कर एक रक्तदान शहीदों के नाम करने की अपील की गई। रक्तदान के लिए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अनेक तरह की गतिविधियां संचालित की गई। जैसे वाहन रैली, जागरूकता रैली, पैदल मार्च, हस्ताक्षर अभियान आदि चलाए गए। आज भी प्रशासन की पूरी टीम ने हर व्यवस्था की बारीकी से मॉनिटरिंग की। रक्तदान के लिए विभिन्न शहरों से 12 टीमें बुलवाई गई।
नीमच के वरिष्ठ अभिभाषक अमित शर्मा ने बताया कि कलेक्टर दिनेश जैन के आइडिया पर जिले के सारे नागरिक एक मंच पर आ गए। टीम वर्क का सुंदर उदाहरण सभी संस्थाओं द्वारा दिया गया। शर्मा ने कहा कि उत्साह का आलम यह रहा कि शिविर स्थलों पर रक्तदाताओं ने नृत्य किया। ढोल-नगाढ़े बजे, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। युगल दंपतियों और दिव्यांगों ने रक्तदान किया। सर्वाधिक रक्तदान नीमच शहर के माहेश्वरी भवन में व्यवसायिक संगठन कैट के सौजन्य से आयोजित शिविर में हुआ। नोडल अधिकारी बनाई गई डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना, रेडक्रॉस के सत्येंद्र सिंह राठौड़ और इस अभियान से जुड़े सभी लोगों की कड़ी मेहनत रंग लाई।
एडीएम नेहा मीणा ने बतााया कि रक्तदान महाअभियान को लेकर जिले के सभी शिविरों को दुल्हन की तरह सजाया गया। छोटे-छोटे गांवों में 300 से अधिक यूनिट रक्तदान हुआ। इस अवसर पर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन टीम के ज्यूरी मेंबर अभिजीत सक्सेना मौजूद रहे और उन्होंने नीमच का रक्तदान में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन की उपलब्धि प्राप्त करने की पुष्टि की। इस अवसर पर एक खास बात और यह रही कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन टीम के ज्यूरी मेंबर अभिजीत सक्सेना ने नीमच में गौरव दिवस पर आयोजित किए गए शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच के लिए 23 हजार 258 व्यक्तियों के शामिल होने पर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड लंदन का प्रमाण पत्र भी कलेक्टर दिनेश जैन को सौंपा। इस उपलब्धि पर कलेक्टर दिनेश जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया। अभियान की सफल समाप्ति पर आतिशबाजी की गई और कलेक्टर दिनेश जैन का अभिवादन किया गया।