नीमच। जिले के सभी विभागों के जिला अधिकारी अपने विभाग के सभी शासकीय सेवकों की आभा आईडी बनाना सुनिश्चित करें। किसी भी कर्मचारी का कोई भी स्वत्व भुगतान से लंबित ना रहे, सभी स्वत्वों का समय पर भुगतान हो। यह निर्देश कलेक्टर दिनेश जैन ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए दिए।
बैठक में एडीएम नेहा मीना, संयुक्त कलेक्टर कलेक्टर संजीव साहू, राजेश शाह, प्रीति संघवी, डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना सहित जिला अधिकारी एवं विभिन्न कर्मचारी संघों के प्रतिनिधि व पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर जैन ने निर्देश दिए कि सभी विभाग प्रतिमाह अपने विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठकें नियमित रूप से करें और कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों, समस्याओं का निराकरण करें।
बैठक में एडीएम नेहा मीना ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति और कोई भी पेंशन प्रकरण किसी भी विभाग में लंबित ना रहे। वेतन एरियर, क्रमोन्नति, समयमान, वेतनमान के प्रकरण भी समय सीमा में निराकृत करें। कर्मचारी कल्याण पर विशेष ध्यान दें। एडीएम ने निर्देश दिए कि जिले के सभी शिक्षकों को जिला शिक्षा कार्यालय से परिचय पत्र जारी किया जावे। कर्मचारियों द्वारा मांगने पर उन्हें उनकी सेवा पुस्तिका की छायाप्रति प्रदान की जाये। प्रशिक्षण के लंबित मानदेय का भुगतान भी तत्काल करवाया जाए।
बैठक में अजाक्स, मप्र शिक्षक संघ, मप्र तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने भी विभिन्न मांगों के संबंध में मांग पत्र प्रस्तुत किए। जिस पर उचित कार्यवाही का विश्वास कलेक्टर एवं एडीएम ने दिलाया।