इंदौर। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा मंगलवार को सांवेर पहुंची। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। सांवेर में जनसभा हुई। पूर्व मंत्री और यात्रा प्रभारी जीतू पटवारी ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी से परेशान है। किसानों की सोयाबीन फसल बेकार हो गई है और भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है।
पटवारी ने आरोप लगाया कि रोड बनवाने के नाम पर शिवराज सरकार मुफ्त में किसानों की जमीन छीन रही है। भाजपा नेता सांवेर रोड के गड्ढे छोड़कर राऊ में भूमिपूजन करवा रहे हैं। ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। पटवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिसे भी टिकट मिले, उसे जिताने के लिए जुट जाएं। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व इंदौर के संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी, महेन्द्र परमार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव रीना बौरासी सेतिया, विजय राठौर बंटी, ओम सिलावट आदि मौजूद थे।