खरगोन। जिले के कसरावद स्थित ग्राम बोरावा में मध्यप्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुभाष यादव की 13वीं पुण्यतिथि ‘भक्ति दिवस’ के रूप में मनाई गई। आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय सुभाष यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर रामायण मंडल द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया गया।
स्वर्गीय सुभाष यादव के पुत्र अरुण यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उनके पिता ने जिले में हरित क्रांति की जो शुरुआत की थी, उसके सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सुभाष यादव द्वारा स्थापित सहकारिता आंदोलन को फिर से मजबूत किया जाएगा, जिससे किसानों और क्षेत्र को लाभ मिल सके।
विधायक सचिन यादव ने कहा कि स्वर्गीय सुभाष यादव के हरित क्रांति के संकल्प के कारण आज निमाड़ के गांव-गांव तक नर्मदा का जल पहुंचा है, जिससे कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना उनका प्रमुख संकल्प है और इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।
श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वर्गीय सुभाष यादव के विकास कार्यों और जनसेवा को याद किया।