मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने किसानों के खेतों के कुओं से विद्युत मोटर एवं केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक विद्युत मोटर, 70 फीट केबल तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी (ग्रामीण) कीर्ति बघेल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 22-23 जून की दरमियानी रात फरियादी रुघनाथ सिंह निवासी अफजलपुर के खेत स्थित कुएं से विद्युत मोटर एवं केबल चोरी हो गई थी। फरियादी की शिकायत पर थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 161/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की एक 3 हॉर्स पावर विद्युत मोटर, 70 फीट केबल (कुल कीमत लगभग 11,500 रुपये) तथा वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर-125 मोटरसाइकिल जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक (22) एवं जहीर (22), दोनों निवासी इंदिरा आवास कॉलोनी, दलौदा के रूप में हुई है। मामले में फरार आरोपी सुमित की तलाश जारी है। पुलिस प्रकरण में अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं अफजलपुर थाना पुलिस टीम की सराहना की है।