कटनी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद के निर्देशन एवं जिला पंचायत के सी.ई.ओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप शिशिर गेमावत के मार्गदर्शन में कार्यालय कलेक्टर सहित तहसील कार्यालयों में ईवीएम एवं वी.वी.पैट मशीनों का प्रदर्शन लगातार किया जाकर मतदाताओं को इनसे होने वाली मतदान की प्रक्रिया समझाई जा रही है।
इसी कडी में कलेक्ट्रेट परिसर, एस.डी.एम कार्यालय कटनी विजयराघवगढ, बहोरीबंद तहसील कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों में मशीनों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान आने वाले नागरिकों को ईवीएम मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। इसके लिए बकायदा तैनात कर्मचारियों द्वारा कंट्रोल यूनिट के द्वारा प्रदर्शन हेतु वोट रिलीज की जाकर मतदाता द्वारा वीवीपैट पर उंगली से बटन दबाने के पश्चात ईवीएम मशीन के परिदृश्य पर किसको मतदान किया गया है का प्रदर्शन मतदाताओं को कराया गया। अभियान के दौरान माकपोल कर मतदाता जहां एक ओर संतुष्ट हो रहे है वहीं दूसरी ओर मतदान के प्रति उन्हे जागरूक किया जाकर आगामी निर्वाचन के दौरान मजबूत लोकतंत्र हेतु आवश्यक रूप से मतदान करनें हेतु प्रेरित भी किया जा रहा है।