खरगोन। विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए खरगोन जिले में चुनाव की अधिसूचना 21 अक्टूबर 2023 को जारी की जाएगी। इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल करने का क्रम शुरू होगा। नामांकन पत्र के साथ प्रत्येक उम्मीदवार को निक्षेप राशि अथवा जमानत राशि जमा करना आवश्यक होता है। उम्मीदवार नामांकन पत्र के साथ इसे नगद जमा कर सकते है। उम्मीदवारों को ऑनलाईन राशि जमा करने की भी सुविधा दी गई हैं।
इस संबंध में वरिष्ठ कोषालय अधिकारी आनंद पटले ने बताया कि ई-चालान अथवा साइबर ट्रेजरी पोर्टल से जमानत राशि ऑनलाईन जमा की जा सकती है। साइबर ट्रेजरी में ऑनलाईन फार्म भरने के लिए ऑनलाईन नेट बैंकिंग डेबिट कार्ड तथा क्रेडिट कार्ड से भुगतान का विकल्प उपलब्ध है। इसी प्रकार ऐसे जमाकर्ता जिनके पास ऑनलाईन शुल्क जमा करने की सुविधा नहीं है और नगद भुगतान जमा करना चाहते है वह वेब पोर्टल www.mptreasury.gov.in पर ओटीसी विकल्प का चयन कर प्री फिल्ड चालान लेकर बैंक ब्रांच में नगद राशि देकर चालान जमा कर रसीद प्राप्त कर सकते है। उक्त राशि भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा खरगोन में जमा की जा सकती है। उम्मीदवार जमानत राशि के लिए साईबर ट्रेजरी वेब पोर्टल www.mptreasury.gov.in पर साईबर ट्रेजरी विकल्प का चयन करके ला एंड लेजिस्लेटिव का चयन करें। ई-चालान भरते समय उम्मीदवार को अपना मोबाईल नम्बर और ई मेेल भरना आवश्यक होगा।