नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विशेष हेलीकॉप्टर सोमवार दोपहर नीमच हेलीपैड पहुंच गया। मुख्यमंत्री के आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। हेलीपैड पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा देखने को मिला।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत के बाद वे सीधे हेलीपैड से सभा स्थल के लिए रवाना हो गए, जहां वे विभिन्न विकास एवं औद्योगिक परियोजनाओं के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री भी उनके साथ मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री सभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे तथा जिले में करोड़ों रुपये की विकास एवं औद्योगिक परियोजनाओं की सौगात देंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर बाद नीमच सोलर पार्क का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके पश्चात रामपुरा स्थित ग्रीनको परियोजना का निरीक्षण करेंगे। शाम 4.55 बजे वे रामपुरा से हेलीकॉप्टर द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक पुलिस बल तैनात है तथा सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।