नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनियाकलां में एक युवक द्वारा सल्फास का सेवन करने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जमुनियाकलां निवासी लक्ष्मीलाल उर्फ लाला (35) पिता चांदमल सेन ने रविवार को अज्ञात कारणों के चलते गांव के शासकीय स्कूल परिसर में सल्फास का सेवन कर लिया। जहर खाने के बाद उसने अपने एक दोस्त को फोन कर इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दोस्त ने परिजनों को घटना से अवगत कराया। परिजन तत्काल लक्ष्मीलाल को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर नीमच सिटी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्मघाती कदम उठाने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।