नीमच। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले में सोमवार से तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। स्थानीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक परिहार ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने में इस अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जन्म से 5 वर्ष तक की आयु का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर ष्दो बूंद जिंदगी कीष् अवश्य पिलाएं और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में डॉ. दिनेश प्रसाद, डॉ. महेंद्र पाटिल, डॉ. मनीष यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर, जिला वैक्सीन कोल्ड चेन मैनेजर, जिला कोल्ड चेन टेक्नीशियन, जिला वैक्सीन स्टोर मैनेजर एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने अभियान के सफल संचालन में सहभागिता निभाई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।