नीमच। जिले की विशेष पुलिस टीम ने सरवानिया महाराज एसबीआई एटीएम को गैस कटर से काटकर हुई चोरी का पर्दाफाश करने में अहम सफलता अर्जित की है। इस सनसनीखेज और चुनौतीपूर्ण वारदात को अंजाम देने वाली राजस्थान हरियाणा की मेवात गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से ब्रेजा कार, गैस कटर, सिलेंडर, ब्लैक स्प्रे, प्लायर और अन्य सामान के साथ 30 हजार रुपए जप्त किए गए हैं।
बताते चले कि 6-7 अक्टूबर की मध्य रात्रि सरवानिया महाराज स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम को अज्ञात आरोपियों द्वारा गैस कटर से काटकर 23 लाख 40 हजार रुपए चुरा लिए गए थे। घटना के बाद जावद थाने पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम पर प्रेस वार्ता कर पत्रकारों को बताया कि पुलिस की विशेष टीम ने करीब 500 किलोमीटर तक के टोल नाको और अन्य स्थानों के सीसीटीवी कैमरा का विश्लेषण किया और तकनीकी संसाधनों व सूचना तंत्र से प्राप्त साक्ष्य के आधार पर जावद के कनेरा तरफ जाकर घेराबंदी कर ब्रेजा कार एचआर 98 बी 8930 को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी के नाम शैकुल पिता उन्नस, सुबुद्दीन पिता उमर मोहम्मद, साजिद पिता राजुद्दीन, शाहरुख पिता बशीर खान आमिर पिता इदरीश खान है। यह सभी आरोपी राजस्थान और हरियाणा के रहने वाले हैं। सात लोगों की गैंग में से पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। शेष दो की तलाश जारी है।
खास तौर पर उल्लेखनीय कि एसपी अमित तोलानी और एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में एसडीओपी निलेश्वरी डाबर, निरीक्षक योगेंद्र सिंह सिसोदिया और दीपक मंडलोई के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। प्रदीप शिंदे, आदित्य गोड़, अजीत कुमावत, गिरिराज प्रसाद, लखन प्रताप सिंह, कुलदीप सिंह, विक्रम सिंह, रविंद्र पाटीदार, अशोक चंद्रावत, महेंद्र और धीरज नरवाल की भी भूमिका इस घटना को पर्दाफाश करने में सराहनीय रही। वारदात को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी अमित तोलानी ने दस हजार रुपए के इनाम की घोषणा भी की थी। हालांकि पुलिस अभी तक आरोपियों के पास से 23 लाख 40 हजार में से मात्र 30 हजार जप्त कर पाई है। पुलिस के सामने इस अंतर्राज्यीय गिरोह से शेष राशि वसूलना एक बड़ी चुनौती होगी।