रतलाम। शहर में विधानसभा चुनाव और आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रतलाम पुलिस नामचीन गुंडों की पुलिस थानों पर परेड करवा रही है। जिले के सभी पुलिस थानों के रजिस्टर में दर्ज गुंडो को थाने पर बुलवाकर किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी थाने पर पहुंचकर लिस्टेड गुंडों, हिस्ट्रीशीटर से पुछताछ कर उनको चेतावनी दे रहे है। अपराधियों को हिदायत दी जा रही है कि आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान शांति भंग करने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। सभी हिस्ट्रीशीटर, गुंडों को किसी भी अवैधानिक गतिविधीयो का हिस्सा नहीं बनने की समझाईश भी दी गई। कार्रवाई के दौरान सभी थाना प्रभारी भी अपने-अपने थाना क्षेत्र में मौजूद रहे।
दरअसल आगामी विधानसभा चुनाव और त्योहारों के मध्य नजर सभी थानों के हिस्ट्रीशीटर और बदमाशों की गतिविधि ट्रेस करने और उन पर नजर रखने के निर्देश पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा ने सभी थाना प्रभारी को दिए थे।
2 दिनों में जिले के रतलाम शहर अनुभाग के चारो थानो पर नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे के मार्गदर्शन में कुल 110 गुंडों, हिस्ट्रीशीटर , बदमाशों की परेड करवाई गई। रतलाम ग्रामीण अनुभाग में एसडीओपी अभिलाष भलावी के मार्गदर्शन में कुल 33 गुंडों, हिस्ट्रीशीटर , बदमाशों की परेड करवाई गई। जावरा शहर अनुभाग के थानो पर सीएसपी जावरा दुर्गेश आर्मों के मार्गदर्शन में कुल 53 गुंडों, हिस्ट्रीशीटर , बदमाशों की परेड करवाई गई। जावरा ग्रामीण अनुभाग के सभी थानों पर एसडीओपी जावरा शक्तिसिंह चौहान के मार्गदर्शन में कुल 58 गुंडों, हिस्ट्रीशीटर, बदमाशों की परेड करवाई गई। आलोट अनुभाग के सभी थानो पर एसडीओपी आलोट शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में कुल 44 गुंडों, हिस्ट्रीशीटर , बदमाशों की परेड करवाई गई। तथा सैलाना अनुभाग के सभी थानों पर एसडीओपी सैलाना इडला मौर्य के मार्गदर्शन में कुल 51 गुंडों, हिस्ट्रीशीटर , बदमाशों की परेड करवाई गई।
जिले के सभी 6 अनुभाग के थानो पर कुल 349 गुंडों, हिस्ट्रीशीटर, बदमाशों की गुंडा परेड करवाई गई। आगामी दिनों में शेष बचे अन्य गुंडो की भी परेड कराई जाएगी।