विदिशा। निर्वाचन आयोग द्वारा विदिशा जिले की पांचो विधानसभाओं के लिए नियुक्त द्वय व्यय प्रेक्षक प्रभात रंजन और आनंद कुमार को विदिशा जिले में निर्वाचन संबंधी क्रियान्वित तमाम जानकारियों से अवगत कराया गया है।
कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने अपने चेम्बर में दोनो प्रेक्षको को विदिशा जिले की पांचो विधानसभाओं के पूर्व निर्वाचन की पृष्ठभूमि तथा वर्तमान में निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु किए गए प्रबंधो पर विस्तृत प्रकाश डाला है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय की आदर्श शासकीय महाविद्यालय स्ट्रांग रूम बनाया गया है जहां पांचो विधानसभाओं की मतदान उपरांत ईव्हीएम मशीनो को सुरक्षित रखा जाएगा। कलेक्टर भार्गव ने बताया कि पांचो विधानसभाओं की मतगणना कार्य भी आदर्श शासकीय महाविद्यालय में सम्पन्न होगा। अब तक ईव्हीएम, सीयू, बीयू व व्हीव्हीपैट की कमीशनिंग के उपरांत विधानसभावार आवंटन की सम्पन्न हुई प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर विदिशा और शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जा रहे है शेष अन्य तीन विधानसभा क्रमशः बासौदा, कुरवाई एवं सिरोंज के नाम निर्देशन पत्र स्थानीय एसडीएम के न्यायालय कक्ष मेें नाम निर्देशन पत्र प्राप्ति की प्रक्रिया क्रियान्वित की जा रही है।
कलेक्टर भार्गव ने जिले में कुल मतदाताओं की संख्या में महिला, पुरूष के अलावा थर्ड जेण्डर, दिव्यांग मतदाताओं की संख्या से अवगत कराया है प्रत्येक मतदान केन्द्र पर किए जाने वाले प्रबंधो के अलावा दिव्यांग और 80 प्लस आयु के मतदाताओं को मतदान के लिए दी जाने वाली सुविधाएं खासकर फार्म 12डी के संबंध में भी अवगत कराया है वहीं बताया कि जिले के कुल 1338 मतदान केन्द्रो में से पांच मतदान केन्द्र अतिसंवेदनशील की श्रेणी में शामिल है। निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान प्रक्रिया को सम्पन्न कराने हेतु अधीनस्थों को सुव्यवस्थित रूप से प्रशिक्षित किया जा चुका है।
कलेक्टर चेम्बर में इस अवसर पर अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शशि मिश्रा, विदिशा विधानसभा के रिटर्निंग आफीसर क्षितिज शर्मा, संयुक्त कलेक्टर राजेश गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर अवनीश मिश्रा मौजूद रहें।