खरगोन। आगामी 17 नवंबर 2023 को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और मतदाताओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर हाल में मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह आज 01 नवंबर को मतदाता जागरूकता अभियान में जनपद पंचायत गोगावां की ग्राम पंचायत बहरामपुर पहुंचे और ग्रामीण मतदाताओं को मतदान करने की शपथ दिलायी। उनके द्वारा मतदाताओं को शपथ दिलायी गई कि वे 17 नवंबर को अपने क्षेत्र के विकास एवं सरकार में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सारे काम छोड़ कर सबसे पहले मतदान करेंगें। मतदाताओं को शपथ दिलायी गई कि वे जाति, धर्म, सम्प्रदाय, भाषा, बोली, क्षेत्र आदि का भेदभाव किये बगैर एवं किसी के दबाव, धमकी या बहकावे में आये बगैर स्वयं के विवेक से निर्भीक होकर मतदान करेंगें।