नीमच। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य सुरेन्द्र पाण्डेय ने मध्यप्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से सौजन्य भेंट कर मंदसौर-नीमच-जावरा संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए राशि सीधे उनके खातों में उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
श्री पाण्डेय ने कहा कि यदि विकास योजनाओं की राशि सीधे ग्राम पंचायतों के खातों में पहुंचेगी तो सड़क, नाली, पेयजल, सामुदायिक भवन सहित अन्य मूलभूत विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि गांवों को मजबूत किए बिना क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। पंचायतों को पर्याप्त संसाधन एवं वित्तीय अधिकार मिलने से स्थानीय स्तर पर विकास कार्य अधिक प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकेंगे।
क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार सक्रिय-
सुरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि वे लंबे समय से मंदसौर संसदीय क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने तथा नए उद्योगों की स्थापना जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर लगातार उठा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ग्राम पंचायतों को सीधे विकास निधि उपलब्ध कराने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और मंदसौर-नीमच-जावरा संसदीय क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।