मुरैना। शहर के वार्ड क्रमांक-3 में पिछले तीन दिनों से रात के समय लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। बस्ती में रहने वाले अधिकांश परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं, ऐसे में भीषण गर्मी के बीच रातभर बिजली नहीं मिलने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बिजली विभाग से तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। विरोध के बाद विभाग ने बिजली आपूर्ति शुरू कर दी, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती की समस्या सामने आती है। उन्होंने बिजली विभाग से मांग की है कि इसका स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।