नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच प्रवास के दौरान क्षेत्रीय विधायक दिलीपसिंह परिहार ने जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दे उनके समक्ष रखे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भादवामाता कॉरिडोर के शेष निर्माण कार्यों के लिए 17 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक दिलीपसिंह परिहार ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आगामी सिंहस्थ से पूर्व भादवामाता कॉरिडोर के सभी निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिए शेष राशि शीघ्र जारी की जाए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मांग को स्वीकार करते हुए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
औद्योगिक विकास पर भी हुई चर्चा-
विधायक परिहार ने नीमच में बड़े उद्योग स्थापित करने और निवेश को बढ़ावा देने का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने राजस्थान के निम्बाहेड़ा और भीलवाड़ा की तर्ज पर जिले में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री ने इस दिशा में सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाते हुए कहा कि नीमच में नए निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा।
चीताखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगा लाभ-
मुख्यमंत्री ने बताया कि चीताखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 90 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही चीताखेड़ा रोड निर्माण कार्य को भी स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका भूमिपूजन पूर्व में किया जा चुका है।
हवाई पट्टी के विकास का प्रस्ताव भी रखा-
विधायक परिहार ने नीमच हवाई पट्टी को विकसित कर यहां निजी विमान एवं एयर कार्गाे सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासनिक तैयारियों की सराहना-
विधायक परिहार ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि सीमित समय के बावजूद सभी विभागों ने समन्वय के साथ बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान धार्मिक, औद्योगिक और आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनने से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।