चित्तौड़गढ़। राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) उपशाखा चित्तौड़गढ़ ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, प्रमुख शासन सचिव तथा शिक्षा निदेशक (माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा), बीकानेर के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
उपशाखा मंत्री राजूलाल तेली ने बताया कि राज्य सरकार ने हाल ही में स्थानांतरण नीति लागू की है, लेकिन तृतीय श्रेणी शिक्षकों को इससे बाहर रखा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से थर्ड ग्रेड शिक्षकों के स्थानांतरण नहीं होने से हजारों शिक्षक परिवारों से दूर कठिन परिस्थितियों में सेवाएं देने को मजबूर हैं। इससे उन्हें पारिवारिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है तथा उनका मनोबल भी प्रभावित हो रहा है।
शिक्षक संघ ने मांग की कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण शीघ्र शुरू कर पारदर्शी एवं न्यायसंगत नीति के तहत प्रक्रिया पूरी की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव शिव कोदली, प्रदेश कोषाध्यक्ष कालूराम खटीक, जिला महामंत्री गोपेश कोदली, जिला प्रवक्ता अनिल बारेसा, भदेसर ब्लॉक अध्यक्ष उमेश चाष्टा, पुष्पेंद्र समदानी, सूर्यकांत तोलम्बिया, विकास वैष्णव, गोवर्धनलाल आचार्य, श्यामसिंह, फतहसिंह सोलंकी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।