शामगढ़। मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सगोरिया स्थित मुक्तिधाम से मृतका की अस्थियां चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना स्थल पर कथित रूप से तंत्र-मंत्र से जुड़ा कुछ सामान मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सगोरिया निवासी कमलाबाई डारिया का सोमवार, 29 जून को निधन हो गया था। परिजनों ने उसी दिन उनका अंतिम संस्कार गांव के मुक्तिधाम में किया था। मंगलवार सुबह जब परिजन अस्थियां एकत्रित करने पहुंचे तो अस्थियां वहां से गायब मिलीं। वहीं अंतिम संस्कार स्थल के पास तंत्र-मंत्र में उपयोग होने वाला संदिग्ध सामान भी पड़ा मिला, जिससे ग्रामीणों ने तांत्रिक गतिविधि की आशंका जताई।
घटना की जानकारी मिलते ही सगोरिया सरपंच प्रतिनिधि रामसिंह चौहान ने शामगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व भी शामगढ़ मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी होने का मामला सामने आया था। लगातार दूसरी घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।