शिवपुरी। शहर में आज लोधी युवा शक्ति संगठन ने प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर पिछोर में युवक मंगल लोधी के साथ कथित मारपीट, अभद्र व्यवहार और मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित को निलंबित करने और निष्पक्ष जांच करने की मांग की।
संगठन के सदस्य कपूर लोधी ने बताया कि 19 जून को पत्थर से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई चल रही थी। इस दौरान मौके पर मौजूद कई लोग अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। मंगल लोधी भी घटना की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। उसी समय खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित ने उनका मोबाइल छीन लिया। जब मंगल लोधी ने अपना मोबाइल वापस मांगा, तो उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया, थप्पड़ मारा गया और धक्का-मुक्की की गई।
संगठन का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो उपलब्ध है। इसके बावजूद, खनिज निरीक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके विपरीत, मंगल लोधी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कर दिया गया।
वहीं ज्ञापन में 112 डायल वाहन के उपयोग की भी जांच की मांग की गई है। संगठन ने यह स्पष्ट करने को कहा है कि वाहन का उपयोग किस आदेश और वैधानिक प्रक्रिया के तहत किया गया था। यदि जांच में कोई अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आगामी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आंदोलन करेंगे।