चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत भादसोड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चाकुड़ा स्थित एक खेत में अवैध रूप से उगाई जा रही गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 233 गांजे के पौधे तथा 530 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर खेत मालिक महिपाल सिंह को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मादक पदार्थों के भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन तथा डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी महेन्द्रसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ग्राम चाकुड़ा से चाकुड़ी जाने वाले मार्ग पर स्थित महिपाल सिंह पिता नारायण सिंह के खेत पर पहुंची। तलाशी के दौरान खेत में अवैध रूप से लगाए गए 233 हरे एवं सूखे गांजे के पौधे तथा 530 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी महिपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस टीम में एएसआई जीवन सिंह, हेड कांस्टेबल बालूराम, कांस्टेबल बबलू, प्रकाश, शांतिलाल तथा सरकारी वाहन चालक रतनलाल शामिल रहे।