मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर के टायरों में छिपाकर ले जाई जा रही 5.5 किलोग्राम अफीम एवं 30 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की कुल कीमत 8.85 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो ट्रैक्टर और एक ट्रॉली भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेज सिंह बघेल एवं मल्हारगढ़ एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी बुढ़ा विकास गेलोत ने मुखबिर की सूचना पर झारड़ा-भंवरासा मार्ग स्थित बोरखेड़ी फंटा यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर ट्रैक्टर को रोका।
तलाशी के दौरान मैसी 241 डीआई ट्रैक्टर के पीछे ट्रॉली में रखे मैसी 1035 डीआई ट्रैक्टर के दाहिने पिछले टायर के अंदर से 30 किलोग्राम डोडाचूरा तथा बाएं अगले टायर के अंदर से 5.5 किलोग्राम अफीम बरामद की गई।
पुलिस ने मामले में राजस्थान के जोधपुर जिले के ग्राम बड़लिया निवासी विकास पिता बोहराराम जाट (26) एवं प्रधान पिता सेवाराम जाट (27) को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत धारा 8/18 एवं 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.5 किलोग्राम अफीम (कीमत लगभग 8.25 लाख रुपए), 30 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत 60 हजार रुपए), मैसी 241 डीआई ट्रैक्टर-ट्रॉली (कीमत लगभग 4.50 लाख रुपए) तथा मैसी 1035 डीआई ट्रैक्टर (कीमत लगभग 3 लाख रुपए) जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास जाट के विरुद्ध थाना मल्हारगढ़ में वर्ष 2025 के दो एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण पहले से दर्ज हैं। मामले की जांच जारी है।