विदिशा। विदिशा जिले की पांचों विधानसभाओं की मतगणना कार्य तीन दिसम्बर को शासकीय आदर्श महाविद्यालय जाफरखेडी में प्रातः आठ बजे से शुरू होगा। मतगणना के संबंध में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप तमाम तैयारियां सुनिश्चित कराई गई हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर भार्गव ने आज सम्पूर्ण तैयारियां होने तक हरेक कक्ष में पहुंचकर जायजा ही नहीं लिया बल्कि मतगणना के दौरान वहां किसी भी प्रकार के व्यवधान ना हो इसके लिए पूर्व में सुनिश्चित प्रबंधो के साथ-साथ वैकल्पिक प्रबंध भी पुख्ता किए गए हैं।
जिले की पांचों विधानसभाओं के ईव्हीएम एवं डाक मतों की गणना कार्य कुल 83 टेबल पर 360 से अधिक कर्मचारियों द्वारा की जाएगी। मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शासकीय आदर्श महाविद्यालय जाफरखेड़ी की 100 मीटर की परिधि में सुरक्षा का घेरा रहेगा, जिसमें दो सैकड़ा से अधिक जवान तैनात होंगे।
कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम के मतों की गिनती के लिए 14-14 गणना टेबल लगाई जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक, एक गणना सहायक व एक माइक्रो आब्जर्वर तैनात होंगे। इस प्रकार डाक मत पत्रों की गिनती के लिए लगाई जाने वाली हर टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक, दो गणना सहायक व एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। इस प्रकार डाक मत पत्र की टेबल पर चार अधिकारी नियुक्त होंगे।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में गत 17 नवंबर को डाले गए मतों की गिनती 3 दिसंबर की प्रातः 8 बजे से शासकीय आदर्श महाविद्यालय परिसर जाफरखेड़ी में शुरू होगी। मतगणना के लिए विधानसभा क्षेत्रवार एक-एक मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। हर कक्ष में 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। इस प्रकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 14 टेबलों पर ईवीएम के मतों की गणना का काम संपादित होगा।