नीमच। विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत आज रविवार 3 दिसंबर को मतगणना का कार्य किया जा रहा है। शहर के पीजी कॉलेज में बनाए गए स्ट्रॉंग रूम में आज सुबह 8 बजे से मतों की गणना का कार्य जारी है। ईवीएम मशीन से नीमच विधानसभा में 20 राउंड की गणना हो चुकी है। इसमें भाजपा के दिलीप सिंह परिहार ने 26650 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 104541 मत प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस के उमराव सिंह गुर्जर को 77891 वोट प्राप्त हुए। मनासा विधानसभा में 18 राउंड की गणना हो चुकी है। इसमें भाजपा के अनिरूद्ध माधव मारू ने 19465 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 90650 मत प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस के नरेंद्र नाहटा को 71185 वोट प्राप्त हुए। आखिरी राउंड के रूझान सामने आते ही भाजपा समर्थकों में भारी उत्साह दिखाई दिया। जबकि विधानसभा क्षेत्र जावद में भाजपा के ओमप्रकाश सखलेचा व कांग्रेस के समंदर पटेल के बीच कांटे का मुकाबला हो रहा है। यहां 15 राउंड के रूझान सामने आ चुके हैं। इन रूझानों में भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश सकलेचा ने 1682 वोटों से बढ़त बनाई है। जबकि कांग्रेस के समंदर पटेल को अब तक कुल 55833 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी पूरणमल अहीर को 35111 वोट प्राप्त हुए हैं।