नीमच। मप्र शासन नगरीय प्रशासन विभाग, भोपाल एवं जिला प्रशासन, नीमच के निर्देशानुसार नगरपालिका परिषद, नीमच द्वारा नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा के मार्गदर्शन में नीमच शहर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम 29 से 31 दिसम्बर तक अतिथिगणों की उपस्थिति में आयोजित किये जावेंगे। इन 3 दिवसीय कार्यक्रम अंतर्गत नीमच शहर में 5 प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उपरोक्त जानकारी देते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी महेन्द्र वशिष्ठ ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा अन्तर्गत आयोजित 3 दिवसीय कार्यक्रमों में 29 दिसम्बर को दोपहर 1 बजे रावण रूण्डी क्षेत्र में कार्यक्रम होगा। इसी प्रकार 30 दिसम्बर को प्रातः 9 बजे इंदिरा नगर भवन क्षेत्र में, दोपहर 2 बजे अम्बेडकर कॉलोनी स्कूल परिसर क्षेत्र में कार्यक्रम होगा व 31 दिसम्बर को प्रातः 9 बजे मूलचंद हाईस्कूल, बघाना क्षेत्र तथा दोपहर 2 बजे बंगला नं 60 शिव मंदिर के पास वाले क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन होगा।
मुख्य नपा अधिकारी वशिष्ठ ने बताया कि उपरोक्त कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर ऋण वितरण कार्यक्रम व हितग्राहियों का सम्मान कार्यक्रम तथा लाभांवित हितग्राहियों द्वारा सफलता की कहानी अपनी जुबानी कार्यक्रम होगा। इसी प्रकार स्वच्छ भारत मिशन अन्तर्गत स्वच्छता अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले स्वच्छता मित्रों आदि का सम्मान कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हितगग्राहियों के आवेदन प्राप्त किये जावेंगे।
वशिष्ठ ने बताया कि 3 दिवसीय विकसित संकल्प यात्रा को भव्यता प्रदान करने व केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराने नगरपालिका नीमच द्वारा नोडल अधिकारी नियुक्त कर कर्मचारियों को कार्य का विभाजन किया जाकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है।