नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के लेवड़ा तालाब में शुक्रवार को नहाने के दौरान डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में मातम छा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्कीम नंबर-08 स्थित कब्रिस्तान क्षेत्र निवासी अरशद (14) पिता फारूक अपने दोस्तों के साथ लेवड़ा तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला।
गंभीर अवस्था में अरशद को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अरशद की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने बरसात के मौसम में तालाब, नदी एवं अन्य जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।