सिंगोली। कस्बे में गुरुवार को पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के हाथों, 50 लाख रुपयों की लागत से निर्मित होने वाले प्रस्तावित दो डोम्स के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया।
इस दौरान नगर निकाय ने मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री द्वारा 17 हजार 551 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं के वर्चुअल शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया। इससे पूर्व विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने नगर निकाय द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ऊर्जा के क्षैत्र में हुए कार्यों का विवरण देते हुए उनकी उपयोगिता से अवगत कराया।
इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र की लंबित रेल परियोजना के फायनल लोकेशन सर्वे की मंजूरी का भी ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि रेलमंत्री अश्विन जी वैष्णव से उनके व्यक्तिगत संबंध है। उन्हे नीमच तक लाने और नीमच सिंगोली कोटा रेल लाईन सहित अन्य योजनाओं को लेकर उन्होंने अपने स्तर पर कई प्रयास किए है। इस मौके पर सखलेचा ने शासन की ओर से महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता और ऋण प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया तथा नगर निकाय को उपलब्ध हुए दो नए कचरा संग्रहण वाहन का लोकार्पण करते हुए उन्हें हरी झंडी दिखाई।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला मंत्री अशोक कुमार सोनी विक्रम, मंडल अध्यक्ष गोपाल लाल धाकड़, नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, तहसीलदार राजेश सोनी, नायब तहसीलदार भगवान सिंह ठाकुर, सीएमओ राजकुमार ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिला पुरुष मौजूद थे।