उज्जैन। शहर में आज शुक्रवार से दो दिवसीय रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विक्रमोत्सव, उज्जयिनी विक्रम व्यापार मेला कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन कर शुभारंभ किया। लाड़ली बहनों को 1576 करोड़ रुपए की राशि जारी की।
मुख्यमंत्री ने कहा, ’मध्यप्रदेश सरकार इस समिट को अलग-अलग क्षेत्रों में जारी रखेगी। उज्जैन से इसकी शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को देश का नंबर-1 राज्य बनाया जाएगा। आज यहां से उठी मशाल देश और दुनिया में छाएगी।’
इससे पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्चुअली जुड़े। उन्होंने कहा, ’आज गर्व का दिवस है। आने वाले दिनों में उज्जैन मिनी बॉम्बे बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 57 प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। यह प्रोजेक्ट प्रदेश के भोपाल, उज्जैन, इंदौर सहित 20 जिलों में है। सरकार का दावा है कि कॉन्क्लेव से एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश आएगा और 17 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा।