नीमच। इन्वेस्ट मध्य प्रदेश रीजनल इंडस्ट्री कॉन्वलेव उज्जैन द्वारा आयोजित क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन 2024 के अंतर्गत आज औद्योगिक कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में नीमच के सगराना में स्थापित होने वाली गोल्ड क्रेस्ट सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड का वर्चुअल भूमि पूजन मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। गोल्ड क्रेस्ट सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड इंडस्ट्री में 3400 करोड रुपए का निवेश किया जाएगा और 1700 लोगों को रोजगार मिलेगा।
इंडस्ट्री के समीर गुप्ता ने बताया कि जमीन अधिग्रहण के बाद 3 साल में प्रोडक्शन का काम शुरू हो जाएगा। इस अवसर पर टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक दिलीप सिंह परिहार, माधव मारू, कलेक्टर दिनेश जैन, एसपी अंकित जायसवाल और एडीम नेहा मीना की उपस्थिति में शिलान्यास भी किया गया।
इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि भारत अब बदल गया है। 10 साल पहले देश का बजट 13 लाख 90000 करोड रुपए का हुआ करता था जो अब 47 लाख करोड़ से अधिक का है। इस दौरान सुधीर गुप्ता ने विरोधियों की चिट्ठियों को आड़े हाथों लेते हुए इशारो ही इशारों में जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बातें करने से नहीं इरादों से काम होते हैं। इस पर उन्होंने एक रसोई का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि जातिवाद का ज़हर अब काम नहीं आएगा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने कहा कि अब नीमच बड़ा इंडस्ट्रियल हब बनने जा रहा है। कृषि के साथ अब उद्योग पर भी फोकस किया जा रहा है। आज मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना मासिक आर्थिक सहायता राष्ट्रीय अंतरण कार्यक्रम भी रखा गया था। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन से की गई। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जनपद अध्यक्ष शारदा धनगर, डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना, मयूरी जोक सहित बड़ी संख्या में लाडली बहना योजना की हितग्राही व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।