सिंगोली। जिला कलेक्टर दिनेश जैन के निर्देशानुसार सिंगोली तहसील क्षेत्र में खनिज विभाग द्वारा अवैध मिट्टी खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीती रात गोविंदपुरा के पास एक जेसीबी, दो डंपर और दो ट्रेक्टर सहित मिट्टी भरी दो ट्रालियों को जब्त किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्रवाई से पूर्व खनिज अधिकारियों को सिंगोली क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए खनिज अधिकारी ने तुरंत ही टीम को मौके पर भेज कर गत रात करीब 3ः00 बजे अवैध खनन करते एक जेसीबी क्रमांक 3कÛ, दो डंपर रजिस्ट्रेशन क्रमांक एमपी 44 एमए 0470 व आरजे 09 जीसी 8607 और दो ट्रैक्टर स्वराज 735 XT व सोनालिका 42 सहित मिट्टी भरी दो ट्रालियों को जब्त किया तथा कार्रवाई के बाद जब्त जेसीबी,ट्रेलर और ट्रेक्टर सिंगोली पुलिस की सुपुर्दगी में देकर जेसीबी और ट्रेक्टर मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
इस संबंध में खनिज अधिकारी गजेंद्र सिंह डाबर ने बताया कि जिला कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार, संयुक्त कलेक्टर श्री राजेश शाह के नेतृत्व में अवैध परिवहन, भंडारण, उत्खनन के विरुद्ध जिले में कार्यवाही की जा रही है। सिंगोली क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए उपरोक्त वाहनों को मध्यप्रदेश खनिज, परिवहन तथा भंडारण का निवारण नियम 2022 के तहत जप्त किया गया है। उक्त वाहनों को सिंगोली पुलिस थाने की अभिरक्षा में सुरक्षा की दृष्टि से खड़े किए गए हैं।