छिंदवाड़ा। शहर में लगातार चल रही अतिक्रमण हटाओ मुहिम से प्रभावित छोटे व्यापारियों, हाथ ठेला पर दुकान चलाने वालों एवं गुमठीधारियों के पक्ष में अब सांसद नकुलनाथ ने पहल की है। सांसद श्री नाथ ने प्रभावित व्यापारियों की मूल समस्या व रोजी-रोटी पर आए संकट से जिला कलेक्टर को पत्र के जरिए अवगत कराया है। कार्रवाई इस से पूर्णतः प्रभावितों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाने का आग्रह किया है।
सांसद ने कहा है कि शहर में वर्तमान में अतिक्रमण हटाकर यातायात को सुचारू बनाने की दिशा में प्रशासन द्वारा कार्य किया जा रहा है। निश्चित तौर पर इस कार्रवाई से आवागमन सुगम होगा, किन्तु वर्षों से फुटपाथ पर व सड़क किनारे दुकान लगाकर अपना और अपने परिवार का जीवन यापन करने वाले छोटे व्यापारी, हाथ ठेला संचालित करनेवालों एवं गुमठीधारियों की रोजी-रोटीसंकट में आ चुका है। उनका जीवनयापन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।
स दशा में यह सुनिश्चित करना नितांत आवश्यक है कि आवागमन भी प्रभावित न हो और छोटे व्यापारियो का कार्य व्यवसाय भी संचालित होता रहे। उन्होंने कलेक्टर शीलेंद्र सिंह से आग्रह किया कि प्रभावित व्यापारियों को अपना रोजगार करने वालों के लिए उनके हितों को ध्यान में रखते हुए एक निश्चित समय अवधि में वैकल्पिक स्थान पर व्यवस्थापन की व्यवस्था की जाए।