मनासा। मनासा थाना परिसर में रविवार दोपहर 12 बजे जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, मनासा एसडीओपी विमलेश उईके, थाना प्रभारी शिवकुमार यादव ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उन्हें जानकारी दी। जन संवाद कार्यक्रम में एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने नगरवासियों से सीधा संवाद कर पुलिस गस्त बढ़ाने व नगर सुरक्षा समिति ग्राम रक्षा समिति को सक्रिय रहने को कहा तथा पुलिस 100 डायल के बारे में बताया।
एएसपी सिंह ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री एवं चोर बदमाशों की सूचना पुलिस को थाने या मोबाइल पर दें, सूचना बताने वाले का नाम गोपनीय रखा जावेगा। उन्होंने नशामुक्ति, घरों में बने शौचालय का उपयोग करने व खुले में शौच न जाने तथा सामुदायिक पुलिसिंग की बातें कही।
जन संवाद कार्यक्रम में कॉलेज के यहां छात्रों की सहायता हेतु पुलिस सहायता केंद्र व प्रतीक्षालय की मांग की गई। परीक्षा के वक्त ई रिक्शा चलाने की बात कही क्योंकि बस वाले छात्र-छात्राओं को बसों में नहीं बिठाते हैं। इसकी भी मांग कॉलेज द्वारा की गई। नगर के मुख्य बाजार में सुबह 10 से शाम 05 तक भारी वाहन का प्रवेश निषेध होना चाहिए, नगर के हर वार्ड से सुरक्षा समिति के लिए युवाओं को लिया जाए, दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर ईनाम, ऐसे कई मुद्दों पर जन संवाद हुआ।
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान अनुविभागीय अधिकारी पवन बारिया, तहसीलदार बीके मकवाना, विधायक अनिरुद्ध माधव मारु सहित पत्रकार व नगरवासी मौजूद रहे।