कुकडेश्वर। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार रविवार को थाना कुकडेश्वर क्षेत्र का पुलिस जन संवाद कार्यक्रम पुलिस थाना परिसर में आयोजित किया गया। नीमच जिला पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में संवाद कार्यक्रम में मनासा एसडीओपी विपीन उईके की उपस्थिति में थाना प्रभारी जयदीप राठौर, नायब तहसीलदार नितीन छपरोले ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और निराकरण को लेकर भी विचार विमर्श खुले संवाद में थाना परिसर में किए। उक्त अवसर पर कार्यक्रम में शहर की सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा हुई।
उक्त अवसर पर विपीन उईके ने कहा कि यह एक कोशिश है पुलिस और जनता के बीच के फासले को कम करने की। पूरे प्रदेश की हर थाना चौकी पर जनता से संवाद का आयोजन किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर शहर में कानून व्यवस्था और समस्याओं के बारे में मौजूद प्रतिनिधियों से खुली चर्चा की। बैठक में नगर के पत्रकार, आसपास के सरपंच, भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि,अन्य राजनीतिक जन, समाज के प्रतिनिधि, शिक्षक, नगर व गांव सुरक्षा समिति, आमजन अन्य मौजूद थे।
ऑपरेशन आई को लेकर एसडीओपी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे पुलिस को किसी भी घटना के बारे में पता लगाने में बहुत महत्वपूर्ण साधन है। नगर में जन सहयोग से अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए सुझाव दिया। बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, अवैध शराब, जुआ, सट्टा आदि स्थानों पर असामाजिक तत्वों पर अंकुश, पुलिस गश्त और पुरानी वारदातों को लेकर भी विचार विमर्श किया गया। बैठक में उपस्थित लोगों की बात सुनने के बाद जरूरी सुझाव सहित आवश्यक निर्देश दिये व आगामी महत्वपूर्ण त्योहार को शांति पूर्ण और सोहार्दपुर्ण तरीके से मनाने का आह्वान किया गया।