चित्तौड़गढ़। जिले में चलाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों, फ्लैगशिप योजनाओ, बजट घोषणाओं, 100 दिवसीय कार्य योजना, विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों, कार्यों एवं गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्विति एवं उनकी प्रगति सुनिश्चित को लेकर जिला कलक्टर आलोक रंजन ने आज डीआरडीए हॉल में जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर ने एक एक करके सार्वजनिक निर्माण विभाग, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओ, बजट घोषणाओं एवं महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु के दौरान एवं उससे पूर्व पेयजल की कमी से प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने सहित जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल कनेक्शन सहित एमपी एवं एमएलए एलइडी में पेयजल से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा भी की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्यालय के एवं स्वयं के मोबाइल नंबर कार्यालय के बाहर अंकित करवाए ताकि आमजन को सुविधा हो सके। बैठक में ग्रीष्म ऋतु में बिजली विभाग एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सहित जिला परिषद द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर शुद्ध पेयजल एवं कंटीन्जेंसीज प्लान की चर्चा की गई।
पानी की चोरी के लिए चलेगा अभियान
जिला कलक्टर ने पेयजल समीक्षा के दौरान पानी की चोरी की रोकथाम करने के लिए एवं अवैध जल कनेक्शन हटाने के लिए विशेष जांच अभियान शुरू करने तथा अवैध कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने बंद पड़े सोलर प्लांट को चालू करने तथा खराब हैंडपंप को दुरुस्त करना के निर्देश भी अधिकारियों को दिए । उन्होंने बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में पेयजल की उपलब्धता की समीक्षा भी की।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर महावीर सिंह, डीएफओ विजय शंकर पांडे, एसीईओ राकेश पुरोहित, रावतभाटा अतिरिक्त जिला कलक्टर विनोद कुमार मल्होत्रा, कोषाधिकारी दिग्विजय सिंह झाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।