नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा बड़ा ऑपरेशन चलाया जा रहा है जिसे एंटी ड्रग ऑपरेशन नाम दिया गया है। इस ऑपरेशन के तहत एक के बाद एक बड़ी कार्यवाही सीबीएन के अधिकारियों द्वारा की जा रही है। इसी कड़ी में एमपी और राजस्थान यूनिट के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ तहसील के गांव-भरपालसर में बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। जहाँ अवैध अफीम पोस्त के पौधों की खेती को नष्ट किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सीबीएन जावरा द्वारा टीम को सुचना मिली की राजस्थान के चूरू जिले के एक निवासी ने अपने खेत में अवैध अफीम पोस्त के पौधों की खेती की है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल है, जिसके आधार पर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स एमपी और राजस्थान यूनिट के अधिकारियों ने टीम गठित कर रतनगढ़ तहसील के गांव-भरपालसर में दबिश दी और संदिग्ध की जांच करने पर उक्त खेत में 1760 वर्ग मीटर में अवैध रूप से अफीम के पौधों की खेती होना पाया गया। ग्राम के पटवारी से भूमि के स्वामित्व का सत्यापन कराने के बाद क्षेत्राधिकारी न्यायिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मौके पर ही अवैध अफीम पोस्त के पौधों को जब्त कर लिया गया और नमूने लिए गए। वहीँ इस कार्यवाही में एक आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। जिसमें आगे की जांच की जा रही है।