छिंदवाड़ा। छात्रावास के संचालन में लापरवाही बरतना अधीक्षक सहित अन्य कर्मचारियों को महंगा साबित हुआ है। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह द्वारा तीन कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। मिली जानकारी अनुसार कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह द्वारा गत दिनोंहर्रई ब्लॉक के ग्राम बटकाखापा में छात्रावास व शाला का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान आदिवासी बालक छात्रावास बटकाखापा के अधीक्षक चतुर्भुज साहू व भृत्य कुंवरशाह उईके और बालक माध्यमिक शाला बटकाखापा की उच्च श्रेणी शिक्षक व मध्यान्ह भोजन प्रभारी पुष्पा बारसिया को द्वारा संस्था संचालन में लापरवाही मिली। जिसके चलते तीनो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तो वही संबंधित मंडल संयोजक के माध्यम से 3 दिनों के भीतर उत्तर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं। समयावाधि में उत्तर प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित के विरूध्द सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के प्रावधानों के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी । बताया जाता है कि कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान अधीक्षक अनुपस्थित थे। तो वही छात्रावास में गंदगी का आलम था। इसी तरह मध्यान्ह भोजन वितरण में भी लापरवाही उजागर हुई थी।