रतलाम। हिंदू जागरण मंच ने शहर में अवैध रुप से बिक रहे मांस को लेकर मंगलवार दोपहर नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया। निगम अधिकारियों पर सांठगांठ का आरोप लगाते हुए निगमायुक्त एपीएस गहरवार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन दिए बिना विरोध करते हुए पदाधिकारियों ने निगम कमिश्नर का पुतला फूंका।
रतलाम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आदेश खुले में मांस,अंडा बिक्री पर रोक का असर बेअसर है। रतलाम में कई स्थानों पर अवैध रुप से मांस की बिक्री की जा रही है। हिंदू जागरण मंच द्वारा लगातार इसको लेकर प्रदर्शन करविरोध जताया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे है। पूर्व में कलेक्टर व नगर निगम कमिश्नर को भी ज्ञापन देकर अवैध रुप से बिक रहे मांस पर रोक लगाने की मांग की। इक्का-दुक्का कार्रवाई हुई। फिर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
बड़ी संख्या में पहुंचे पदाधिकारियों ने उपायुक्त विकास सोलंकी के समक्ष जमकर नारेबाजी की। विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारियों की मिलीभगत से शहर में अवैध रुप से मांस की बिक्री हो रही है। स्लाटर हाउस चल रहे है। जिन्हें रोका जाए। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया।
निगम कार्यालय के बाहर जलाया पुतला
पदाधिकारी निगम कार्यालय परिसर से नारेबाजी करते हुए निगमायुक्त का पुतला लेकर बाहर आए। महाराजा सज्जनसिंह की प्रतिमा के पीछे की तरफ बीच सड़क पर पुतला फूंका। पुतले पर निगमायुक्त का फोटो भी लगाया गया।
हिंदू जागरण मंच के प्रांत कार्यकारणी सदस्य राजेश कटारिया ने बताया कि नगर निगम ध्यान नहीं दे रहा है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में खुले में अवैध रुप से मांस बिक्री की दुकाने लगी है। समय रहते इन्हें नहीं हटाया तो बड़ा आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान जिला संयोजक जगदीश पाटीदार, जिला सहसयोजक कमलेश ग्वालियरी, विजय यादव, सिद्धार्थ पंड्या, कार्तिक पाटीदार, अभिषेक उपाध्याय, राहुल सिंह, नंदकिशोर मीणा, यतेंद्र, विपिन, योगेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।