झालावाड़। आरोग्य मेले के तीसरे दिन दिनांक 07 मार्च 2024 को प्रातः 10 बजे डॉ सुरेंद्र गर्ग, डॉ देवकरण,डॉ विनोद गौतम, डॉ शिव शंकर सोनी, भगवान धन्वंतरी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। मेले के तीसरे दिन आयुर्वेद मेले में जन सामान्य में भारी उत्साह देखने को मिला। आयुर्वेद की विभिन्न विधाओं यथा पंचकर्म, अग्नि क्रम, आचंल प्रसूता, मर्म चिकित्सा आदि का लोगों ने भरपूर लाभ लिया। दिनांक 06 मार्च को मेला प्रांगण में सांय काल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें विभिन्न प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियां दी मेला समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों का सम्मान किया गया।
मेले के प्रथम सत्र में डॉ विनोद गौतम द्वारा मधुमेह रोग पर व्याख्यान दिया एवं मधुमेह के कारण लक्षण एवं चिकित्सा पर विस्तृत जानकारी दी। डॉ शिव शंकर सोनी द्वारा आहार विहार पर व्याख्यान दिया गया एवं बताया गया कि विरुद्ध आहार विहार के कारण ही वर्तमान में जीवन शैली से जुड़ी व्याधियों हो रही है। डॉ अंजना शर्मा द्वारा भी गर्भ संस्कार एवं स्त्री रोगों पर अपना व्याख्यान दिया।
द्वितीय सत्र में डॉ सौरभ सिंह हाडा एवं डॉ कपिल सैनी द्वारा आयुर्वेद की अग्निकर्म एवं जालौका अवचारण विषय पर अपने व्याख्यान दिए एवं शरीर के विभिन्न हिस्सों में होने वाले दर्द निवारण में अग्निकर्म के महत्व को बताया।
मेले में पूर्व विधायक निर्मल सकलेचा, पूर्व प्रधान श्याम पाटीदार, व्यापार संघ अध्यक्ष यशवर्धन बाकलीवाल एवं धर्मेंद्र सेठी पधारे। मेला समिति द्वारा इनका सम्मान किया गया एवं इकाइयों एवं मेले का भ्रमण कराया गया।
आरोग्य मेला दैनिक प्रतिवेदन प्रभारी डॉ अरविंद जादौन ने बताया कि मेले में तीन दिवस में अलग-अलग इकाइयों पंचकर्म, अग्निकर्म, क्वाथ वितरण, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा आदि में कुल 8986 लाभार्थियों ने निशुल्क औषध प्राप्त कर लाभ प्राप्त किया एवं स्वर्ण प्राशन से 896 बच्चों ने लाभ प्राप्त किया।
उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ श्याम सुंदर जोशी ने बताया कि दिनांक 08 मार्च को 11 बजे आरोग्य मेले का समापन हुआ। समापन समारोह में प्रेम बाई दांगी जिला प्रमुख झालावाड़, भावना झाला प्रधान पंचायत समिति झालरापाटन, वर्षा चांदवाड अध्यक्ष नगर पालिका झालरापाटन एवं अरुणा मीणा पूर्व प्रधान पंचायत समिति खानपुर ने अपनी गरिमामय उपस्थित दी।