झालावाड़। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने गुरूवार को पंचायत समिति पिड़ावा मुख्यालय सुनेल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने उपस्थित उपखण्ड अधिकारी एवं विकास अधिकारी से कहा कि पंचायत समिति सुनेल के शत-प्रतिशत पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यालय के पुराने रिकार्ड के निस्तारण तथा पटवार भवन को तहसील में शिफ्ट कर स्थानीय पटवारी को तहसील में बिठाने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों पर घूम रहे बेसहारा साडों का बधियाकरण कर स्थानीय गौशालाओं में भिजवाने के निर्देश विकास अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी को दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में परिसम्पत्ति रजिस्टर संधारित करने तथा निर्माण कार्यों को समय-समय पर तिथि के साथ इन्द्राज किये जाने, विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन करने, सभी ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारियों को अग्रिम राशि के समायोजन अविलम्ब किये जाने हेतु निर्देशित करने, महालेखाकार के लम्बित चल रहे आक्षेपों को निस्तारित कराने एवं एलएफएडी के शेष आक्षेपों के निस्तारण की कार्यवाही भी करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने सुनेल ग्राम पंचायत में संचालित अन्नपूर्णा रसोई का भी गुरूवार को औचक निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने अन्नपूर्णा रसोई में भोजन के लिए आने वाले व्यक्तियों की कम संख्या को ध्यान में रखते हुए स्थान परिवर्तन के निर्देश दिए। उन्होंने उक्त अन्नपूर्णा रसोई को राजकीय इब्राहिम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पास स्थानान्तरित करने के निर्देश विकास अधिकारी दिए। जिला कलक्टर ने राजकीय इब्राहिम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुनेल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आपातकालीन कक्ष, महिला वार्ड, डायलिसीस यूनिट आदि का निरीक्षण करते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। साथ ही चिकित्सा अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में चिकित्सालय में बैठने के निर्देश भी दिए।
जिला कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस कोड में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी पिड़ावा रामनिवास मीणा, विकास अधिकारी संजय शर्मा, नायब तहसीलदार गिरिराज झाला आदि उपस्थित रहे।