इंदौर। आयोजित ‘महापौर केसरी कुश्ती प्रतियोगिता’ में महिला पहलवान जौहर दिखा रही है। यहां प्रदेश से अलग-अलग वर्गों में 100 से ज्यादा महिला पहलवान आई हैं। पुरुष कुश्ती के लिए 200 से ज्यादा पहलवान हैं। रविवार सुबह कई मुकाबले हुए। इसमें अभी सेमीफाइनल के लिए मुकाबले चल रहे हैं। फाइनल रविवार रात 8 बजे होगा।
प्रतियोगिता के अध्यक्ष नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि महापौर केसरी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों का वजन आदि की प्रक्रिया पहले दिन पूरी कर ली गई है।
इसमें विभिन्न आयु वर्ग और वजन के पहलवान की कुश्ती आयोजित की जा रही है। रविवार सुबह भी कई रोचक मुकाबले हुए। समन्यक विजेंद्र मिश्रा ने बताया कि इनमें सेमी फाइनल के लिए 36 किलो वजन में अनुष्का-अपेक्षा और वंशिका और प्रियांशी में मुकाबला हुआ। इसी तरह 45 किलो वजन में चाहत पाल-सिमरन यादव और अनुष्का सोलंकी और प्रियांशी कौशल में शानदार कुश्ती हुई। 50 किलो वजन में अंजलि प्रजापति-प्राची जोशी प्रियांशी जोशी और लक्ष्मी जरिया में मुकाबला हुआ।
पुरुष वर्ग में 75 किलो में युवराज पाल-रोहित प्रजापत, गोवर्धन जाट-शिवम यादव में शानदार फाइट रही। पुरुषों के 7 किलो में कुणाल सिलावट-हर्षवर्धन और हिमांशु राठौर-वंश पाल में रोचक मुकाबला हुआ।