भोपाल। हजरत निजामुद्दीन से खजुराहो के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलेगी। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संचालन की स्वीकृति दे दी है। 12 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना करेंगे। वंदे भारत का रूट भी फाइनल हो चुका है। ग्वालियर, झांसी, ललितपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर में इसका स्टॉपेज होगा। यह बुंदेलखंड के लिए बड़ी सौगात है।
ऐसा पहली बार होगा जब इस बेल्ट में किसी हाई स्पीड ट्रेन को लाया जा रहा है। इससे सीधे तौर पर खजुराहो आने वाले यात्रियों और विदेशी टूरिस्ट को फायदा होगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्य प्रदेश को तीन वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से चलकर सीधे ग्वालियर, झांसी, ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर रुकते हुए खजुराहो पहुंचेगी। वंदे भारत करीब 667 किलोमीटर का सफर 6.40 घंटे में पूरा करेगी। जबकि दूसरी ट्रेन 13.40 घंटे में ये सफर तय करती है। इस ट्रेन का आगरा और मथुरा में स्टॉपेज नहीं दिया गया है। रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत का आगरा में स्टॉपेज है। मथुरा में दोनों ट्रेन का स्टॉपेज नहीं है।