नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह चित्तौड़गढ़-उज्जैन-चित्तौड़गढ़ (मेमू) पैसेंजर ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लंबे समय के प्रयास के बाद यात्रियों को इस ट्रेन की सुविधा मिली है। अब महाकाल के दर्शन के लिए जाने वाले भक्तों के साथ व्यापारियों को भी इस ट्रेन से सुविधा मिलेगी। यह पैसेंजर ट्रेन 13 मार्च से रेगुलर चलेगी। आज शुभारंभ के दौरान अलग टाइम टेबल से इस ट्रेन को चलाया जा गया।
8 स्टेशनों से होकर गुजरेगी यह ट्रेन-
उज्जैन से चित्तौड़गढ़ के लिए नई ट्रेन को रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिल चुकी थी। चित्तौड़गढ़ जिले दो स्टेशनों के साथ-साथ एमपी के 6 और स्टेशनों को जोड़ेगा। यह ट्रेन कुल 8 स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसका मध्य प्रदेश के उज्जैन, फतेहाबाद, रतलाम, जावरा, मंदसौर, नीमच और राजस्थान के निंबाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ जंक्शन में ठहराव होगा। आज मंगलवार को इस ट्रेन का उद्घाटन किया गया।
शाम को पहुंचेगी चित्तौड़गढ़-
मंगलवार को चलने वाली ट्रेन उज्जैन से सुबह 10.30 बजे चलेगी जो चित्तौड़गढ़ शाम को 5.20 बजे पहुंचेगी। इसी तरह, चित्तौड़गढ़ से यह ट्रेन शाम को 5.40 बजे रवाना होगी जो रात के 11.50 पर उज्जैन पहुंचेगी। उज्जैन से चित्तौड़गढ़ के बीच कुल 291.11 किलोमीटर की दूरी को यह ट्रेन लगभग 6 घंटा 15 मिनट में तय करेगी। 13 मार्च से यह ट्रेन दूसरे टाइम टेबल के हिसाब से चलेगी। रेगुलर चलने वाली ट्रेन शाम को 4.20 पर चित्तौड़गढ़ पहुंचेगी और शाम के 4.40 पर उज्जैन के लिए रवाना हो जायेगी।