नीमच। शहर के टाउन हॉल परिसर में उस समय अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया, जब बड़ी संख्या में महिलाओं को विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत सिलाई मशीन का फॉर्म भरने के लिए बुलवा लिया गया। जब महिलाएं सिलाई मशीन का फॉर्म भरने के लिए कंप्यूटर के यहां इंतजार कर रही थी, तब अव्यवस्था उत्पन्न हो गई। करीब तीन-तीन घंटे इंतजार करने के बाद महिलाओं का फॉर्म को रिकमेंडेशन करने के लिए कंप्यूटर पर नंबर नहीं आया।
बताया जा रहा है कि पहले ऑनलाइन फॉर्म निकलवाए गए, उसके बाद उसे भरने के लिए नगर पालिका बुलवाया गया। जब महिलाएं नगरपालिका पहुंची तो उन्हें कहा गया कि आप टाउन हॉल जाओ। दोपहर को 3 बजे से महिलाएं अपनी बारी का इंतजार टाउन हॉल परिसर में कर रही थी। महिलाओं ने बताया कि विश्वकर्म योजना के फॉर्म हमने कंप्यूटर से निकलवाए थे। कंप्यूटर से एक रजिस्ट्रेशन नंबर आवेदन क्रमांक भी इन महिलाओं को मिला। जिसके लिए एक आवेदन के माध्यम से यह नंबर भर के फॉर्म जमा करना था। काउंटर पर भारी भीड़ जमा हो जाने और अफरा तफरी पैदा हो जाने के कारण कार्य अधूरा छोड़कर अधिकांश महिलाएं बैरंग लौट गई। इनमें रोजा करने वाली महिलाएं भी शामिल है। फार्म का कंप्यूटर से रिकमेंडेशन ना हो पाने के कारण फॉर्म देकर महिलाओं को रवाना होना पड़ा। इस दौरान साइट भी नहीं चली। इतनी भीड़ होने के बावजूद केवल एक कंप्यूटर लगा हुआ था। बाद में दूसरा कंप्यूटर मंगाया गया। आखरी में इनमें से कुछ महिलाओं को टाउन हॉल के सभागार में भी बिठाए जाने की बात सामने आई है।