इंदौर। इंदौर से ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर के दर्शन अब एक ही दिन में हो सकेंगे। आज गुरुवार को पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा और पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा शुरू हो गई। धार्मिक पर्यटन हेली सेवा के जरिए श्रद्धालु धार्मिक तीर्थ स्थलों तक हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगे। इसके संचालन का केंद्र इंदौर रहेगा। यहां से यात्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से तीर्थ स्थलों पर आ-जा सकेंगे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर्यटन हेली सेवा के पहले यात्री भी बने। उन्होंने हेलीकॉप्टर में बैठकर सफर किया।
गुरुवार को मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दोनों ही योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा की शुरुआत गुरुवार से की गई। ये हेलीकॉप्टर के द्वारा की जाएगी। इंदौर इसका केंद्र रहेगा। उज्जैन बाबा महाकाल और ओंकारेश्वर का एक धार्मिक पर्यटन सर्किट बनेगा। आवश्यकतानुसार दूसरे धार्मिक पर्यटन स्थल पर भी इसका विस्तार किया जाएगा।
एक ही दिन में हो जाएंगे महाकालेश्वर-ओंकारेश्वर के दर्शन
इस सेवा के शुरू होने से महाकाल और ओंकारेश्वर जाने वाले भक्तों को सबसे ज्यादा फायदा होगा, जिनके पास समय कम है और एक दिन में दोनों जगह दर्शन कर वापस लौटना चाहते है। हालांकि अब तक ये तय नहीं हो पाया है कि कितनी राशि भक्तों को चुकानी पड़ेगी और कितने फेरे एक दिन में लगेंगे।
एक व्यक्ति का किराया 10 हजार
विजयवर्गीय ने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें कहा कि यात्रा में सफर करने के लिए अधिकतम लगभग 10 हजार रुपए प्रति व्यक्ति किराया लगेगा। लेकिन समय की बहुत बचत होगी। तीन घंटे में दोनों जगह दर्शन हो जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं को फायदा होगा।
वायु सेवा में चलेंगे एयरक्राफ्ट
सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा पर्यटन वायु सेवा का संचालन पीपीपी मोड पर किया जाएगा। शुरुआत में आठ सीटर वाले दो ट्विन इंजन एयरक्राफ्ट चलाए जाएंगे। ऑपरेटर द्वारा प्रदेश के प्रमुख हवाई अड्डों इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, भोपाल, खजुराहो के साथ-साथ हवाई पट्टियों में से रूट का चयन किया जाएगा। इससे लोगों को जल्दी पहुंचने में आसानी होगी और घरेलू पर्यटन में भी बढ़ोतरी होगी।