नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 85 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ग्रुप केन्द्र नीमच के तत्वावधान में संयुक्त स्तरीय सीआरपीएफ डे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कैंप परिसर में स्थित ऐतिहासिक त्रिगंजा पार्क में शहीद स्मारक स्थल पर अनमोल सूद, राम कृष्ण, राजेश कुमार सिंह, वेद प्रकाश, सौरभ कुमार चौधरी सहित सभी संस्थानों के राजपत्रित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों के साथ, देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले अमर वीर शहीदों को पुष्पाँजलि अर्पित कर, भावपूर्ण श्रद्धांजलि दीं गई। ग्रुप केन्द्र के क्वार्टर गार्ड पर रिटायर्ड ब्रिगेडियर अनमोल सूद, डीआईजी, आरटीसी नीमच ने ध्वजारोहण किया और गार्ड की सलामी लीं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि 27 जुलाई 1939 को नीमच शहर में इस बल का जन्म, क्राउन रिप्रेजेंटेटिव पुलिस के रूप में हुआ। इसके बाद देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने इस बल का नाम परिवर्तित करते हुए इसे केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल नाम प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 1950 में 19 मार्च के दिन ही सीआरपीएफ को झंडा यानी ‘प्रेजीडेंट कलर्स’ प्रदान किया था। ‘सीआरपीएफ दिवस‘ पर 17 मार्च से 19 मार्च तक कैम्पस में वॉलीबॉल, टग-ऑफ-वार, म्यूजिकल चेयर, स्लो साईकिल रेस, फर्राटा दौड़ सहित विभिन्न मनोरंजक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें सभी संस्थानों के कार्मिकों ने बड़े जोश, उमंग और उत्साह के साथ सहभागिता की। इस दौरान आयोजित प्रतिस्पर्धा में विजेता व उपविजेताओं को पुरस्कृत किया गया।