कुकड़ेश्वर। लंबे समय से बारिश नहीं होने से चिंतित किसानों और नगरवासियों ने मंगलवार को परंपरागत उज्जैनी मनाते हुए खेड़ा देवत का विधि-विधान से पूजन किया। सुबह भगवान गणेशजी मंदिर से बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा नगर के प्रमुख मंदिरों और विभिन्न स्थानों पर पहुंची, जहां खेड़ा देवत की पूजा-अर्चना कर अच्छी वर्षा की प्रार्थना की गई।
पूजन के बाद ग्रामीण और किसान गांव के बाहर अपने खेत-खलिहानों में पहुंचे, जहां दाल-बाटी और चूरमा का भोग लगाकर भगवान से समय पर अच्छी बारिश की कामना की। दोपहर करीब दो बजे तक तेज गर्मी और उमस का दौर बना रहा, लेकिन धार्मिक परंपरा पूरी होने के कुछ ही समय बाद मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए और कुकड़ेश्वर सहित आसपास के क्षेत्रों में झमाझम बारिश शुरू हो गई।
अचानक हुई इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। किसानों ने इसे खेड़ा देवत और इंद्रदेव की कृपा बताते हुए कहा कि अब खरीफ फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी, जिससे खेती को लाभ होगा। वहीं नगरवासियों ने भी इस बारिश का स्वागत करते हुए इसे आस्था, विश्वास और परंपरा का सुखद परिणाम बताया।