देवास। लोकसभा निर्वाचन-2024 के मद्देनजर कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित के मार्गदर्शन में जिले में आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। ज़िला आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित ने बताया कि देवास में प्रताप नगर एवं अंबेडकर नगर में आबकारी, पुलिस एवं नगर निगम के संयुक्त दल ने कार्रवाई की है जिसमें किर्लाेस्कर कम्पनी की बाउंड्री के आस पास बड़ी मात्रा में महुआ लाहान के ड्रम जमीन के अंदर गड़े मिले, जिन्हे जेसीबी मशीन से उखाड़कर नष्ट किया गया। कार्रवाई में 150 लीटर हाथ भट्टी एवं 06 हजार किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। महुआ लाहन को मौके पर विधिवत नष्ट किया गया, कार्रवाई में पुलिस एवं आबकारी द्वारा संयुक्त रूप 06 प्रकरण मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए। जिसमें दो प्रकरण धारा 34(2) एवं 04 प्रकरण धारा 34(1) के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए। जप्त सामग्री का बाजार मूल्य 06 लाख 30 हजार रूपए है। मामले में सीएसपी दीशेष अग्रवाल ने बताया कि थाना सिविल लाईन व कोतवाली थाना क्षेत्र में कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। जिसके लिए संयुक्त टीम बनाई गई और आबकारी व पुलिस टीम सहित 60 पुलिस अधिकारी कर्मचारी के बल ने अवैध कच्ची शराब की भट्टियों पर कार्यवाही की है। कार्यवाही मे थाना प्रभारी सिविल लाईन ओ.पी. अहीर, थाना प्रभारी औद्योगिक शशिकांत चौरसिया, आबकारी उप निरीक्षक राजकुमारी मंडलोई, प्रेम यादव, निधि शर्मा, उमेश स्वर्णकार, डी.पी. सिंह, दिनेश भार्गव, विजय कुचेरिया, कैलाश जामोद तथा पुलिस, आबकारी एवं नगर निगम का स्टॉफ शामिल था।