भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि पन्ना के जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर सुरेश कुमार ने बीजेपी के एजेंट और खजुराहो से बीजेपी प्रत्याशी वीडी शर्मा के सर्वेंट के रूप में काम किया है। अगर किसी प्रत्याशी से फार्म भरने में गलती हुई है तो निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी है कि उसे सही कराएं। खजुराहो की प्रत्याशी मीरा यादव तीन घंटे तक कलेक्टर के कक्ष में बैठीं रहीं कि अगर उनके नामांकन फार्म में कोई गलती है तो सुधरवा दें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने भी कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी ये गलती सुधरवा सकते हैं लेकिन कलेक्टर अपने कक्ष में नहीं बैठे ताकि गलती सुधारी न जा सके।
पटवारी ने कहा कि ऐसे जिला निर्वाचन अधिकारी से निष्पक्षता की क्या अपेक्षा की जा सकती है जो प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और खजुराहो से बीजेपी प्रत्याशी का व्यक्तिगत नौकर बनकर काम कर रहा है। पटवारी ने सीएम पर भी आरोप लगाए और कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यादव होने के बाद भी जानबूझकर यादव महिला कैंडिडेट का नामांकन निरस्त कराने का काम जिल निर्वाचन अधिकारी से ऐसा कराया है। पटवारी ने ये बातें शनिवार को पीसीसी में आईएनडीआईए गठबंधन की बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में कहीं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की राष्ट्रीय स्तर पर हुई बैठक के बाद प्रदेश स्तर पर बैठक हुई है जिसमें बीजेपी गठबंधन के खिलाफ मिलकर लड़ने का फैसला किया गया है।
जिनकी खदानें या व्यक्तिगत हित प्रभावित हो रहे, वही बीजेपी में जा रहे
पटवारी ने बीजेपी ज्वाइन करने वाले कांग्रेस नेताओं को लेकर कहा कि जो कांग्रेस के न हो सके, वे बीजेपी के क्या होंगे। बीजेपी ने कहा कि एक लाख कार्यकर्ताओं को ज्वाइन कराने के झूठे दावे करती है। यह प्रदेश की जनता पर मनोवैज्ञानिक प्रेशर बनाने के लिए की जाने वाली बात है। जिस हाल में पांच सौ कार्यकर्ता नहीं इकट्ठे हो सकते हैं वहां बीजेपी बीस हजार लोगों को बीजेपी ज्वाइन करा रही है। अब तक सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जिनके बीजेपी ज्वाइन करने की बात सामने आई है उनकी संख्या 335 सामने आई है। पटवारी ने कहा कि जिनको रायल्टी बचानी या किसी तरह के नोटिस से बचना है या जिनका अपना कोई नुकसान हो रहा है या जो लाभ पाने के लिए अवसरवादी के रूप में हैं, वे ही कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं। कांग्रेस का कार्यकर्ता अपनी आइडियोलाजी के साथ खड़ा है।
इंडिया गठबंधन की बैठक में बीजेपी के खिलाफ आरोप पत्र
शिवसेना उद्धव ठाकरे, एनसीपी, आम आदमी पार्टी, सीपीआई समेत अन्य दलों के साथ बैठक करने के बाद पटवारी ने कहा कि इस बैठक में आगामी चुनाव में सबके साथ मिलकर बीजेपी से लड़ने के फैसले के साथ बीजेपी के खिलाफ आरोप पत्र भी तय किया गया है जिसमें बीजेपी द्वारा चुनाव से पहले की गई घोषणाओं को पूरा नहीं कराने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव को इसे पूरा करने के लिए कहा जाएगा। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार डिक्टेटरशिप का काम कर रही है। दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल और झारखंड के सीएम रहे हेमंत सोरेन को सीएम रहते जेल में भेजा गया क्योंकि उन्होंने बीजेपी की नहीं सुनी। पटवारी ने कहा कि जो लोग करप्शन में लिप्त रहते हैं उनके द्वारा बीजेपी ज्वाइन कर लेने पर हर जांच बंद हो जाती है और क्लीन चिट मिल जाती है।
बीजेपी का संकल्प पत्र दिलाएंगे याद
पटवारी ने बीजेपी के संकल्प पत्र के बिन्दुओं को याद दिलाते हुए कहा कि न तो लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपए मिल रहे और न ही किसानों को धान के 3100 व गेहूं के 2700 रुपए मिल रहे हैं। इसके अलावा बीजेपी के अन्य घोषणा पत्र को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा कि सरकार बनने के बाद भी इसे पूरा नहीं किया जा रहा है। लाड़ली बहनों को पक्का मकान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाने का दावा किया गया था जो नहीं हो पा रहा है। 450 रुपए सिलेंडर देने की बात कही गई थी जो नहीं दिया जा रहा है। आदिवासियों को भी बरगलाने का काम किया जा रहा है। देश के लोकतंत्र को खतरे में बताते हुए पटवारी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी दल बीजेपी की मनमानी को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।