नीमच। जिले की मनासा तहसील के बरखेड़ा-बरखेड़ी मार्ग पर बुधवार सुबह एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब 40 स्कूली बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार वैन बनी गांव स्थित गैलेक्सी पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल जा रही थी। वैन में बरखेड़ा, बरखेड़ी और पावटी क्षेत्र के छात्र-छात्राएं सवार थे। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को सुरक्षित वैन से बाहर निकालकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर बच्चों की सुरक्षा के प्रति लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।